रानी पद्मिनी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रानी पद्मिनी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 7 दिसंबर 2014

रानी पद्मिनी,गोरा-बादल और गोरा की पत्नी की वीरता एवं अद्वितीय देशभक्ति

रानी पद्मिनी,गोरा-बादल और गोरा की पत्नी की वीरता एवं अद्वितीय देशभक्ति



भारत में नारी को उसके नारी सुलभ ममता,  करूणा, स्नेह आदि गुणों के कारण अबला भी कहा गया है। परंतु नारी का वेदों ने एकवीरांगना के रूप में भी चित्रण किया है। उसे हर स्थिति में पति की रक्षिका ध्वजवाहिका और शत्रु संहारिका के रूप में भी वर्णित किया गया है। स्वेच्छा से जौहर करने वाली राजा दाहर की रानी बाई एक वैदिक वीरांगना थी। जौहर या सती प्रथा अपराध तब हुई जब नारी को चिता में उसके पति के साथ बलात् जलाया जाने लगा। इसलिए एक वीरांगना का अति सराहनीय कार्य भी हमारी दृष्टि से कहीं दूर ओझल हो गया। हमने बलात् सती करने वाले अपराधियों के अपराध की विभीषिका में बलिदानी वीरांगना बाई को भी भुला दिया।

रानी बाई ने किया था पहला जौहर

हम सती प्रथा या बलात् जौहर के समर्थक नही हैं, परंतु जिस वीरांगना रानी बाई ने इसे सर्वप्रथम अपनाया था, उसकी वीरता और अपने धर्म को बचाने के लिए उसके साहस की पराकाष्ठा तो देखिए कि उसने आत्मोत्सर्ग का यही ढंग ढूंढ़ लिया कि पति के वीरगति पाने का समाचार मिलते ही स्वयं को अग्नि के समर्पित कर दिया। हम इस आदर्श देशभक्ति और पति भक्ति के प्रशंसक अवश्य हैं। भारतीय नारियों को वीरांगना होने की यह प्रेरणा वेद से मिली। हमने नारी के विषय में ये पंकित्यां स्मरण कर ली हैं :-

अबला जीवन हाय, तुम्हारी यही कहानी,

आंचल में है दूध और आंखों में पानी।।

वेदों ने कहा नारी वीरांगना है

पर हमने वेद के उन संदेशों को भुला दिया जिनमें नारी को अबला, दीनहीन और मतिहीन न मानकर उसे वीरांगना माना है।

पारस्कर गृहय सूत्र (1/7/1) में आया है कि ‘आरोहेममश्मानम् अश्वेमेव त्वं स्थिरा भव।

अभितिष्ठ पृतन्यतो अबवाधस्व पृतनायत:।।

अर्थात (सुदृढ़ता प्राप्त करने के लिए) तू इस शिला पर आरोहण कर। जैसे यह शिला स्थिर तथा सुदृढ़ है, ऐसे ही तू भी स्थिर और सुदृढ़ गात्री बन। आक्रमणकारियों को परास्त कर। सेना द्वारा चढ़ाई करने वालों को बाधित कर।

यजुर्वेद (5/10) में आया है-‘‘हे नारी! तू स्वयं को पहचान। तू शेरनी है, तू शत्रु रूप मृगों का मर्दन करने वाली है, देवजनों के हितार्थ अपने भीतर, सामथ्र्य उत्पन्न कर। हे नारी! तू अविद्या आदि दोषों पर शेरनी की भांति है। तू दुष्कर्मों एवं दुव्र्यसनों को शेरनी के समान विध्वंसित करने वाली है, धार्मिक जनों के हितार्थ स्वयं को दिव्य गुणों से अलंकृत कर।’’

यजुर्वेद (5/12) में कहा गया है-‘‘हे नारी तू शेरनी है, तू आदित्य ब्रह्मचारियों की जन्मदात्री है। हम तेरी पूजा करते हैं। हे नारी! तू शेरनी है, तू ब्राह्मणों की जन्मदात्री है, तू क्षत्रियों की जन्मदात्री है, हम तेरा यशोगान करते हैं।’’

यजुर्वेद (10/16) में नारी को क्षात्रबल की भंडार कहा गया है। जबकि यजु (13/16) में उसके लिए कहा गया है कि-‘‘हे नारी! तू धु्रव है, अटल निश्चय वाली है, सुदृढ़ है, अन्यों को धारण करने वाली है। विश्वकर्मा परमेश्वर ने तुझे विद्या, वीरता आदि गुणों से आच्छादित किया है। ध्यान रख, समुद्र के समान उमडऩे वाला रिप ुदल तुझे हानि न पहुंचा सके, गरूड़ के समान आक्रांता तुझे हानि न पहुंचा सके। किसी से पीडि़त होती हुई तू राष्ट्रभूमि को समृद्घ कर।’’

यजुर्वेद (13/26) में कहा गया है-‘‘हे नारी! तू विघ्न बाधाओं से पराजित होने योग्य नही है, प्रत्युत विघ्न बाधाओं को पराजित कर सकने वाली है। तू शत्रुओं को परास्त कर, सैन्य दल को परास्त कर, तू सहस्रवीर्या है, अपनी वीरता प्रदर्शित करके तू मुझे प्रसन्नता प्रदान कर।’’

ऋग्वेद (8/18/5) में आया है कि-‘‘हे नारी! जैसे तू शत्रु से खंडित न होने वाली, सदा अदीन रहने वाली वीरांगना है, वैसे ही तेरे पुत्र भी अद्वितीय वीर हैं।’’

ऋग्वेद (10/86/10) में नारी के लिए कहा गया है कि वह आवश्यकता पडऩे पर बलिदान के स्थल संग्राम में जाने से भी नही हिचकती। यहां से सत्य की विधात्री वीर पुत्रों की माता वीर की पत्नी कहकर उसे महिमान्वित किया गया है।

यजुर्वेद (16/44) में नारी को कहा गया है कि तू शत्रुओं के प्रति प्रयाण कर, उनके हृदयों को शोक से दग्ध कर दे। तेरे शत्रु निराशारूप घोर अंधकार से ग्रस्त हो जाएं।

ऋग्वेद (6/65/15) में आया है कि जो वीरांगना विष लिप्त बाण के समान रण संहार करने वाली है जो रक्षार्थ सिर पर मृग के सींगों का बना शिरस्त्राण धारण करती है, जिसका सामने का भाग लोह कवच से आच्छादित है, जो पर्जन्य वीर्या है, अर्थात बादल के समान शस्त्रास्त्रों की वर्षा करने वाली है उस बाण के समान गतिशील, कर्मकुशल, शूरवीर देवी को हम भूरि-भूरि नमस्कार करते हैं।’’

ऋग्वेद (10/159/2) में नारी अपने विषय में कहती है-‘‘मैं राष्ट्र की ध्वजा हूं, मैं समाज का सिर हूं। मैं उग्र हूं, मेरी वाणी में बल है। शत्रु सेनाओं को पराजय करने वाली मैं युद्घ में वीर कर्म दिखाने के पश्चात ही पति का प्रेम पाने की अधिकारिणी हूं।’’

ऋग्वेद (10/159/4) का कहना है कि-‘‘जिस आत्मोसर्ग की छवि से मेरा वीर पति कृत कृत्य यशस्वी तथा सर्वोत्तम सिद्घ हुआ है, वह छवि आज मैंने भी दे दी है। आज मैं निश्चय ही शत्रु रहित हो गयी  हूं।’’ इससे अगले मंत्र में वह कहती है कि-‘‘ मैंने शत्रुओं का वध कर दिया है, मैंने विजय पा ली है, वैरियों को पराजित कर दिया है। ’’

इसलिए किया रानी ने जौहर

वैदिक नारी का राष्ट्र की राष्ट्रनीति (राजनीति) में ये स्थान था। मानो वह अपने पति के हटते ही तुरंत ध्वजा संभालने को आतुर रहती थी। राष्ट्र और समाज की शांति व्यवस्था के शत्रु आतंकियों का विनाश करने में यदि पति ने आत्मोत्सर्ग कर लिया है, वीरगति प्राप्त कर ली है, तो पत्नी भी उसी मार्ग का अनुकरण करना अपना सौभाग्य मानती थी। इसी भाव और भावना ने राजा दाहिर की पत्नी को जौहर करने का विकल्प दे दिया। राजा दाहर की रानी के जौहर से पूर्व किसी रानी के जौहर का उल्लेख नही है। कारण ये है कि उससे पूर्व भारत वर्ष में नारी के प्रति पुरूष का बड़ा प्रशंसनीय धर्म व्यवहार था। नारी चाहे कितनी ही वीरांगना हो, परंतु पुरूष समाज उससे शत्रुता नही मानता था और ना किसी की नारी के शीलभंग के लिए युद्घ किये जाते थे, नारी का को शत्रु नही (न+ अरि = नारी) होता था, इसीलिए वह नारी कही जाती थी। परंतु अब विदेशी आक्रमणकारियों का धर्म उन्हें नारी के लिए ही युद्घ करने की प्रेरणा देता था और नारी का शीलभंग करना इस युद्घ का एक प्रमुख उद्देश्य बन गया था, इसलिए रानी बाई ने जौहर को अपना लिया।

जौहर बन गया अनुकरणीय

इसी जौहर को कालांतर में अन्य हिंदू वीरांगनाओं ने भी अपनाया। अब हम आते हैं एक ऐसी ही हिंदू वीरांगना रानी पदमिनी की वीरता की कहानी पर, जिसने अपने पति की रक्षार्थ वैदिक आदर्श को अपनाया और विदेशियों को ये बता दिया कि वेदों के आदर्श केवल कोरी कल्पना ही नही हैं और ना ही ये इतने पुराने पड़ गये हैं कि अब इन्हें कोई अपनाने या मानने वाला ही नही रहा है। रानी की विवेकशीलता और बौद्घिक चातुर्य को देखकर शत्रु भी दांतों तले जीभ दबाकर रह गया। शत्रु ने भारतीय नारी से कभी ये अपेक्षा ही नही की होगी कि वह इतनी साहसी भी हो सकती है।

भीमसिंह बना चित्तौड़ का राजा

कर्नल टॉड के ‘राजस्थान का इतिहास’-भाग-1, से हमें ज्ञात होता है कि सन 1275 ई. में चित्तौड़ के सिंहासन पर लक्ष्मण सिंह बैठा, राजा की अवस्था उस समय छोटी थी, इसलिए उसका संरक्षक राजा के चाचा भीमसिंह को बनाया गया।

राजा भीमसिंह का विवाह उस समय की अद्वितीय सुंदरी रानी पद्मिनी के साथ हुआ था, रानी की सुंदरता की जब अलाउद्दीन खिलजी को पता चला तो उसने रानी को प्राप्त करने के लिए चित्तौड़ पर चढ़ाई कर दी। उसने राजा भीमसिंह को अपने आक्रमण का प्रयोजन बताकर रानी को यथाशीघ्र अपने शिविर में भेज देने का संदेश भिजवा दिया।

अलाउद्दीन का मजहब

यहां हम तनिक विचार करें। अलाउद्दीन का मजहब कहता था कि काफिरों की पत्नियां तुम्हारा धन हैं, उन्हें लूटो और उनका उपभोग करो। इसलिए उसके मजहब के अनुसार किसी की पत्नी छीनना अन्याय या पाप नही था। जबकि राजा का धर्म कहता था कि पत्नी पति की पोष्या है और उसके सतीत्व एवं पतित्व की रक्षा करना उसका धर्म है। यदि कोई पति अपनी पत्नी के सतीत्व एवं पतित्व की रक्षा नही कर पाता है, तो उसे कायर माना जाता है, और ऐसा न करने से उसे पाप लगता है। बात स्पष्ट है कि एक का धर्म रानी को छीनने की आज्ञा दे रहा था, तो दूसरे का धर्म उसकी रक्षा करने की आज्ञा दे रहा था। अत: टकराव होना अवश्यम्भावी हो गया। राजा ने रानी को ‘न देने’ का निर्णय लिया। समस्त राज्य की प्रजा भी राजा के निर्णय के साथ रही। किले का घेरा लंबे काल तक चला। जब अलाउद्दीन ने देखा कि रानी को प्राप्त करने की उसकी इच्छा पूर्ण होने वाली नही है, राजा को झुकाया जाना उसके लिए असंभव होता जा रहा है, तब उसने रानी को प्राप्त करने के लिए छल -बल से काम लेने का निर्णय लिया।

अलाउद्दीन ने रचा षडय़ंत्र

अलाउद्दीन ने राजा के पास पुन: एक संदेश पहुंचाया कि यदि राजा रानी पद्मिनी को उसे दर्पण में भी दिखा देगा तो भी वह इतने से ही प्रसन्न और संतुष्ट होकर दिल्ली लौट जाएगा। राजा ने प्रजाहित में अलाउद्दीन की यह शर्त स्वीकार कर ली। रानी को दर्पण में से अलाउद्दीन को दिखा दिया गया।

रानी को दर्पण में देखने के पश्चात उसे प्राप्त करने की इच्छा से अलाउद्दीन व्याकुल हो उठा। वह अपनी भावनाओं पर नियंत्रण नही रख सका। उसकी काम वासना उसे कोई और षडय़ंत्र बनाने के लिए प्रेरित कर रही थी। यद्यपि वह पहले से ही एक षडय़ंत्र रचकर राजा के पास गया था, पर अब तो उसके भीतर से उसे कोई बार-बार झकझोर रहा था कि शीघ्रता से अपनी योजना को फलीभूत करो, समय निकला जा रहा है।

अलाउद्दीन इसी अंतद्र्वन्द्व में राजा से ‘चलने की अनुमति’ प्राप्त करता है। राजा अपने अतिथि को शिष्टाचार वश विदा करने के लिए किले के मुख्यद्वार तक चला। अलाउद्दीन ने राजा को बातों में फंसा लिया और बात करते-कराते राजा को किले से थोड़ी दूर बाहर तक ले आया। अलाउद्दीन ने जब देखा कि राजा अब पूर्णत: असावधानी में है, तब वह राणा पर आक्रमण कराके उसे कैद कर अपने शिविर में ले गया।

रानी को किया गया सूचित

राणा को शिविर में कैद करके अलाउद्दीन ने किले के भीतर सूचना भिजवाई कि यदि राणा को जीवित देखना चाहते हो तो पद्मिनी को मुझको सौंप दो। प्रारंभ में तो सारी घटना की सूचना राजदरबारियों तक सीमित रही,  पर वहां तक ही यह सूचना कब तक सीमित रह सकती थी। अंतत: वीरांगना रानी पदमिनी को भी घटनाक्रम की जानकारी कुछ ही काल में हो गयी।

रानी ने किया षडय़ंत्र का वीरता के साथ सामना

अब वीरांगना पद्मिनी को निर्णय करना था कि वह क्या करेगी और उसे अपने और देश के सम्मान को बचाकर राणा के प्राणों की रक्षा कैसे करनी है? रानी चिंता में डूब गयी, पर शीघ्र ही उसे अपनी समस्या के समाधान की एक युक्ति सूझ गयी।

अपनी युक्ति को फलीभूत करने के लिए रानी ने चित्तौड़ के दरबार के दो अत्यंत साहसी और अदम्य शौर्य के लिए प्रसिद्घ गोरा एवं बादल नामक दो योद्घाओं के साथ विचार-विमर्श किया। इन दोनों वीरों ने भी समझ लिया कि जिस जटिल परिस्थितियों में आज चित्तौड़ का सम्मान फंसा खड़ा है, उससे देश का गौरव जुड़ा है। अत: इस जटिल परिस्थिति से निकलने के लिए प्राणों की बाजी लगाकर कार्य करने के क्षण आ उपस्थित हुए हैं। इसलिए गोरा बादल एवं रानी ने गुप्त योजना बनायी कि रानी अलाउद्दीन की सेवा में जाने के लिए तैयार है, ऐसा संदेश सुल्तान के शिविर में भिजवा दिया जाए। इस संदेश के साथ शर्त यह भी रहेगी कि रानी अपनी राजपूत सहेलियों को लेकर आएगी और रानी या उसके साथ आने वाली किसी सहेली की डोली को कोई मुस्लिम सैनिक निरीक्षण आदि के लिए रोकेगा नही, क्योंकि इससे रानी की गरिमा को ठेस लगेगी।

अलाउद्दीन खिलजी फंस गया जाल में

अलाउद्दीन खिलजी के पास जब यह संदेश गया तो वह प्रसन्न्ता में इतना झूम उठा कि सारी बातों के लिए उसने अपनी स्वीकृति रानी की इच्छानुसार यथावत प्रदान कर दी।

रानी ने अपने दोनों सेनापतियों के साथ योजना बना ली थी कि रानी और उसकी सहेलियों की डोलियों में (पालकियों में) सशस्त्र राजपूत सैनिकों को बैठाया जाए। पालकियों को कंधे पर उठाकर चलने वाले कहारों के स्थान पर छह-छह सैनिक उठाकर चलेंगे, जिनके शस्त्र पालकी के भीतर रखे होंगे। रानी शिविर में पहुंचने के पश्चात राजा से अंतिम बार  मिलने की याचना खिलजी से करेगी और राजा से मिलकर उसे सारी योजना से अवगत कराते हुए छुड़ाने का कार्य संपादित करेगी। अवसर मिलते ही सैनिक राजा को अपनी पालकी में बैठाकर वहां से चल देंगे और पालकियों के भीतर छिपे सैनिक और कहारों के रूप में चल रहे योद्घा मिलकर तातार सेना के प्रतिरोध का सामना करेंगे। इस सारी योजना को सिरे चढऩे का नेतृत्व गोरा एवं बादल को सौंपा गया। इन दोनों को किले की सुरक्षा का दायित्व दिया गया।

कार्य योजना को दिया गया मूत्र्त रूप

कर्नल टॉड हमें बताते हैं कि नियत दिन को सही समय पर सात सौ बंद पालकियां चित्तौड़ से निकलकर बादशाह के शिविर की ओर रवाना हुई। प्रत्येक की में छह छह कहार थे, और वे अपने वस्त्रों में लडऩे के लिए हथियार लाये थे। उन पालकियां में चित्तौड़ के शूरवीर सशस्त्र राजपूत बैठे थे। चित्तौड़ से निकलकर ये पालकियां बादशाह के शिविर के सामने पहुंच गयीं। बादशाह ने शिविर में आने के लिए एक बड़ा शिविर लगा दिया था, और उस शिविर के चारों ओर एक द्वार बनाकर कनातें लगा दी गयी थीं। एक-एक करके सभी पालकियां उस शिविर के भीतर पहुंच गयीं।’’

रानी को मिला राणा से मिलने का समय

रानी के अनुरोध पर अलाउद्दीन ने उसे राणा से अंतिम भेंट करने के लिए आधा घंटे का समय दिया। राणा को शिविर में रानी से मिलने की व्यवस्था करायी गयी। तभी एक राजपूत ने पालकी के भीतर से झांककर राणा को संकेत से अपनी पालकी की ओर आने को कहा। राजा पालकी के निकट आया तो उसे पालकी में भीतर बैठाकर पालकी के कहार  उठाकर चित्तौड़ की ओर चल दिये। उसके साथ कुछ और पालकियां भी चल दीं। शेष पालकियां शिविर के भीतर ही रहीं। निर्धारित समय के बीत जाने पर भी राणा के शिविर से न लौटने पर अलाउद्दीन  को बड़ा क्रोध आया और वह राणा को शिविर से पुन: कैद में डालने के उद्देश्य से स्वयं ही शिविर में प्रवेश कर गया। उसके साथ उसके बहुत से सैनिक भी थे। अलाउद्दीन को भीतर आता देखकर सशस्त्र राजपूतों ने उस पर आक्रमण कर दिया।

अलाउद्दीन को राज समझ में आ गया

अब अलाउद्दीन को ज्ञात हुआ कि वह अपने ही बुने जाल में स्वयं ही फंस चुका है। उसने अनुमान लगा लिया कि अब भारतीयों के पौरूष का सामना करने का समय आ गया है। अत: दोनों ओर भयंकर मारकाट आरंभ हो गयी। अलाउद्दीन को बचाने में उसके सैनिकों ने सफलता प्राप्त की। परंतु उससे भी बड़ी सफलता तो राणा के सैनिकों को मिल चुकी थी, जो अपने राजा को पालकी में बैठाकर सुरक्षित बाहर ले जाने में भी सफल हो गये थे। अलाउद्दीन के सैनिकों ने कुछ देर पश्चात वस्तुस्थिति को समझ कर राजा की पालकी का पीछा किया। जब उन सैनिकों ने चित्तौड़ के पास जाकर राजा को घेरा तो पालकियों में बंद सैनिक और कहारों के वेश में चल रहे योद्घाओं ने उन तातार सैनिकों का सामना करते हुए उन्हें समाप्त कर दिया, और अपने राणा को सुरक्षित लेकर आगे चल दिये। कुछ दूरी पर राणा को चित्तौड़ से आये हुए एक विशेष घोड़े से चित्तौड़ की ओर दौड़ा दिया गया। गोरा बादल का संघर्ष

कुछ तातार सैनिकों ने राणा का पुन: पीछा किया और दुर्ग के द्वार पर उन तातार सैनिकों को गोरा बादल ने रोककर उनसे युद्घ किया। यद्यपि राणा इस समय तक दुर्ग में प्रवेश करने में सफल हो गये थे। कहते हैं कि बादल की अवस्था इस समय केवल 12 वर्ष की थी। पर उसने कितने ही यवनों को मृत्यु के घाट उतार दिया। युद्घ करते हुए ही गोरा को वीरगति प्राप्त हो गयी। बहुत से राजपूतों ने भी अपना सर्वोत्कृष्ट बलिदान दिया।

कर्नल टॉड कहते हैं-‘‘शिविर और सिंह द्वार पर जो कुछ हुआ, उसे देखकर अलाउद्दीन का साहस टूट गया। पद्मिनी को पाने के स्थान पर उसने जो कुछ पाया, उससे वह युद्घ को रोककर अपनी सेना के साथ दिल्ली की ओर रवाना हो गया।’’

अलाउद्दीन को पता चला गया वीरांगना-धर्म

अलाउद्दीन को ज्ञात हो गया कि वेदों के धर्म से संचालित भारत में अभी भी वीरांगना हैं, जो शत्रु के शिविर में जाकर अपनी वीरता, साहस और शौर्य का प्रदर्शन कर सकती है। रानी के शौर्य से अलाउद्दीन हतप्रभ रह गया।

गोरा की वीरांगना पत्नी

उधर गोरा की पत्नी की वीरता को भी कर्नल टॉड ने जिस प्रकार उल्लेखित किया है, वह भी कम रोमांचकारी नही है। कर्नल टाड ने कहा है-‘‘सैकड़ों जख्मों से क्षत विक्षत बालक बादल चित्तौड़ पहुंचा। उसके साथ गोरा नही था। यह देखते ही गोरा की पत्नी युद्घ के परिणाम को समझ गयी। उसने अपने गंभीर नेत्रों से बादल की ओर देखा। उसकी सांसों की गति तीव्र हो चुकी थी। वह बादल के मुंह से तुरंत सुनना चाहती थी कि बादशाह के सैनिकों के साथ उसके पति गोरा ने किस प्रकार वीरता से युद्घ किया और शत्रुओं का संहार किया। वह बादल के कुछ कहने की प्रतीक्षा न कर सकी, और उतावलेपन के साथ उससे पूछ बैठी बादल युद्घ का समाचार सुनाओ? प्राणनाथ ने आज शत्रुओं से किस प्रकार युद्घ किया? बादल में साहस था, उसमें बहादुरी थी। अपनी चाची गोरा की पत्नी को उत्तर देते हुए उसने कहा-‘‘चाचा की तलवार से आज शत्रुओं का खूब संहार हुआ सिंह द्वार पर डटकर संग्राम हुआ। चाचा की मार से शत्रुओं का साहस टूट गया। बादशाह के खूब सैनिक मारे गये। शिशौदिया वंश की कीर्ति को अमर बनाने के लिए शत्रुओं का संहार करते हुए चाचा ने अपने प्राणों की आहुति दी।’’

बादल के मुंह से इन शब्दों को सुनकर गोरा की स्त्री को असीम संतोष मिला। क्षण भर चुप रहने के पश्चात बादल के सामने और कुछ न कहने पर उसने तेजी के साथ-‘‘अब मेरे लिए देर करने का समय नही है। प्राणनाथ को अधिक समय तक मेरी प्रतीक्षा नही करनी पड़ेगी। यह देखकर वीरांगना गोरा की पत्नी ने (पहले से ही तैयार की गयी) जलती हुई चिता में कूदकर अपने प्राणों का अंत कर दिया।’’

इसे कहते हैं अद्भुत शौर्य। एक साथ हमारे पास कितने हीरे हैं-रानी पद्मिनी हैं, गोरा है, बादल है, गोरा की पत्नी है, रानी के साथ गये सात सौ सशस्त्र सैनिकों और सात सौ पालकियों के छह-छह कहारों के रूप में वीर योद्घा हैं। सबका लक्ष्य एक था-राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा, अपने धर्म की रक्षा, अपने सम्मान की रक्षा करना। ऐसा अदभुत शौर्य एवं पराक्रम विश्व के किसी अन्य देश में देखने को नही मिलेगा कि जहां बारह वर्ष के बच्चे ने भी किले की रक्षा करने के अपने दायित्व का इतनी उत्कृष्टता से पालन किया हो। सचमुच ये देश है-वीर जवानों का, अलबेलों का मस्तानों का………इस देश का यारो क्या कहना….ये देश है दुनिया का गहना….

चित्तौड़ गढ़ आज भी अपने वीर योद्घाओं और वीरांगनाओं की वीरता एवं बलिदान की साक्षी दे रहा है, इसीलिए यह दुर्ग हर हिंदू के लिए आज भी श्रद्घा का पात्र है, एक वीर मंदिर है, जहां शीश झुकाकर हर देशभक्त भारतवासी कृतकृत्य हो जाता है। यह घटना सन 1303 ई. की है।   

रानी पद्मिनी और उनकी हजारों वीरांगना सहेलियों का बलिदान

रानी पद्मिनी और उनकी हजारों वीरांगना सहेलियों का बलिदान



मेवाड़ की भूमि का कण-कण गोरा बादल और रानी पद्मिनी की वीरता का गुणगान आज लगभग सात सौ वर्ष पश्चात भी कर रहा है। वास्तव में इतिहास के नायक वही लोग हुआ करते हैं जिनके बलिदानों को और महान कार्यों को आने वाली पीढिय़ां स्वभावत: स्मरण रखें और बिना किसी दबाब के अपने नायक को अपनी श्रद्घांजलि अर्पित करने के अभ्यासी हों। हमारे प्रचलित इतिहास ने चाहे जितना ही अलाउद्दीन खिलजी को एक ‘नायक’ सिद्घ करने का प्रयास क्यों न किया हो, परंतु वह स्थानीय लोगों के लिए आज भी सम्मान का पात्र नही है, लोग आज भी अपने ‘नायकों’ को ही नमन करते हैं।

एक रोमांचकारी चित्रण

गोरा-बादल के युद्घ का एक रोमांचकारी और हृदयस्पर्शी चित्रण बी.एस. शेखावत ने करते हुए लिखा है-‘‘यों तो सभी राजपूत दिल खोलकर युद्घ में लड़ रहे थे, परंतु गोरा की बात ही निराली थी। भूखे सिंह की भांति गर्जना करता हुआ जिधर भी नंगी तलवार लेकर वह घुसता वहीं त्राहि-त्राहि मच जाती थी, यहां तक कि उसके रौद्ररूप को देखकर यवन सैनिकों को हाथों में  कंपन के कारण तलवारें नीचे गिर जातीं। वे सिंह के समक्ष बकरे की स्थिति में आ गये, वह वीरता का अवतार था। धीरे-धीरे राजपूत वीरगति को प्राप्त होते गये। लहुलुहान गोरा का सिर चकरा गया, और वह गश खाकर भूमि पर गिर गया। अपनी जन्मभूमि को याद करता हुआ हमेशा के लिए चिरनिद्रा में सो गया। धन्य है उसकी वीरता, स्वामी  भक्ति और कत्र्तव्यपरायणता। मेवाड़ का एक बहादुर शेर रक्त रंजित भूमि में लेट गया। मेवाड़ के अनेक बहादुर नक्षत्रों में से एक दैदीव्यमान नक्षत्र अस्त हो गया।’’

गोरा और गीता का ज्ञान

गोरा जैसे आत्मबलिदानियों के लिए गीता (32) का ये उपदेश युद्घभूमि में सदा ही मार्गदर्शक रहा है कि ‘‘हे पार्थ! ये युद्घ एक स्वर्गद्वार है, जो तेरे लिए अपने आप खुल गया है, क्योंकि तुम भाग्यवान हो।’’

इससे अगले श्लोक में कहा गया है-‘‘यदि तुम यह धर्म युद्घ नही लड़ोगे तो स्वधर्म और कीर्ति खोकर पाप के भागीदार बनोगे (द्वितीय-अध्याय) इससे पूर्व श्रीकृष्ण अर्जुन को बताते हैं-अपने धर्म को देखो (दुष्ट आततायी शत्रु से प्रजा की रक्षा करना) भय करना कोई योग्यता नही है, धर्मयुक्त युद्घ से बढक़र दूसरा कोई कल्याणकारक कत्र्तव्य क्षत्रिय के लिए नही है। (31 द्वितीय अध्याय ) श्रीकृष्ण (गीता 37 द्वितीयोध्याय) यह भी कहते हैं कि-‘‘युद्घ करना तेरे लिए सब प्रकार से अच्छा है, क्योंकि मर कर या तो स्वर्ग में जाएगा या युद्घ जीतकर पृथ्वी को भोगेगा। इसलिए हे पार्थ! युद्घ के लिए निश्चय के साथ खड़ा हो।’’

गोरा ने गीता के इस ज्ञान को मानो हृदयंगम कर लिया था, उसकी राष्ट्रभक्ति मचल रही थी, वह आज आततायी को कठोर से कठोर दण्ड देकर भारतीयों की तलवार का लोहा मनवा देना चाहताा था। अत: पूर्णत: अदम्य साहस और शौर्य के साथ उसने युद्घ किया और वीरगति प्राप्त कर स्वर्ग का अधिकारी बना।

यही स्थिति उसकी पत्नी की थी। उस वीरांगना ने वेद धर्म के अनुसार अपने वीरपति की वीरगति पर हर्ष व्यक्त किया और जब वह पूर्णत: आश्वस्त हो गयी कि पतिदेव ने प्राणों की तनिक भी परवाह न करते हुए युद्घ किया और वीरगति प्राप्त की है, तो उसने धर्म की रक्षार्थ स्वयं को अग्नि के समर्पित करने में भी देरी नही की।

अत्याचारों की लगा दी झड़ी

अलाउद्दीन अपने आप में एक अत्यंत क्रूर सुल्तान था। उसने अपनी क्रूरता का परिचय अपने चाचा और ससुर जलालुद्दीन की हत्या करके भी दिया था, परंतु हिंदुओं के प्रति तो उसकी क्रूरता और भी निदंनीय और घृणास्पद स्तर की थी। इलियट एण्ड डाउसन ग्रंथ 3 के पृष्ठ संख्या 164-165 से हमें ज्ञात होता है कि-‘‘हत्यारों की पत्नियों का अपमान करके उनके साथ भयंकर दुव्र्यवहार किया जाए, (ऐसी आज्ञा अलाउद्दीन के संकेत को समझकर उसके सेनापति नुसरतखां ने अपने भाई की हत्या का प्रतिशोध लेने के लिए गुजरात अभियान के समय दी थी) तदुपरांत उन लोगों को दर-दर भटकने वाली वैश्या बनाने के लिए दुष्ट पुरूषों को सौंप दिया जाए। उसने बच्चों को उनकी माताओं के सिर पर रखकर कटवा डाला। इस  प्रकार का अपमान किसी भी धर्म या मत में कभी नही हुआ है।’’

इस दृश्य को देखकर बरनी जैसे मुस्लिम इतिहासकार को भी दुखी होकर लिखना पड़ा-‘‘इस्लाम को छोडक़र किसी अन्य धर्म में मातृत्व का ऐसा अपमान कभी नही हुआ। लाखों नागरिकों की आंखों के सामने खुले मैदान में उनके सिर पर उनके बच्चों को रखकर काट डालना।’’ ऐसी वीभत्स बर्बरता के विषय में पी.एन. ओक लिखते हैं कि ऐसा करना केवल अलाउद्दीन या नुसरत खां की ही विशेषता नही थी, अपितु हिंदुस्तान के मुस्लिम शासन काल के हजार वर्षों में से एक दिन भी ऐसा नही आया जब दिन में सूर्य ने तथा रात्रि में तारों ने इन पाशविक अत्याचारों को न देखा हो। (संदर्भ भारत में मुस्लिम सुल्तान, भाग 1 पृष्ठ 230)

इतने असीम कष्टों को झेलने वाले और झेलकर भी अपने धर्म को न त्यागने वाले हमारे पूर्वजों के साहस को शत-शत नमन।

नुसरत खां को मौत की नींद सुलाया था-रणथम्भौर ने

रणथम्भौर की वीरता का उल्लेख हम पूर्व पृष्ठों पर करके आये हैं। 1301 में जब अलाउद्दीन ने रणथम्भौर का पुन: घेराव किया तो नुसरत खां ने किले की प्राचीर पर चढऩे के लिए किले की दीवार के साथ मिट्टी का ऊंचा टीला बनाने का प्रयास किया, जब नुसरत खां अपनी इस योजना को सिरे चढ़ाने के दृष्टिकोण से किले के निकट आया, तब हमारे देशभक्त हिंदू सैनिकों ने उस धर्मभ्रष्ट सेनापति से उसके सारे  पापों का प्रतिशोध लेते हुए दुर्ग से एक विशाल चट्टान लुढक़ा कर उसका अंत कर दिया।  कहते हैं कि नुसरत खां दो दिन मूचर््िछत रहकर संसार से चला गया।

हिंदू वीरों के ऐसे उल्लेखनीय वीरतापूर्ण कृत्यों से लोगों में उत्साह उत्पन्न होता रहता था। एक ऊर्जा मिलती थी और लोग और अधिक साहस से अपने लक्ष्य के प्रति कार्य करने की प्रेरणा लेते थे।

लालकिला तब भी था

भारत की स्थापत्य कला का उत्कृष्ट उदाहरण है लालकिला। इस दुर्ग के निर्माण का श्रेय मुगल बादशाह शाहजहां को दिया जाता है। परंतु ‘तारीखे फिरोजशाही’ का लेखक (इलियट एण्ड डाउसन, गं्रथ-3 पृष्ठ 160) हमें बताता है कि-‘‘1296 ई. के अंत में अलाउद्दीन ने एक बड़ी सेना लेकर बड़ी भव्यता के साथ दिल्ली में प्रवेश किया। वह लालभवन (लालकिला) की ओर बढ़ा, जहां उसने निवास किया।’’

1296 ई. में दिल्ली में कोई लालभवन या लालकिला कहीं अन्य होने का कोई प्रमाण नही है। इसलिए वर्तमान लालकिले के निर्माण का श्रेय शाहजहां को दिया जाना पूर्णत: अतार्किक है।

चित्तौड़ पर पुन: आक्रमण

चित्तौड़ ने भारत के गौरव को बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाई है। इस राजवंश के राणा भीमसिंह और उनकी पत्नी पद्मिनी के विषय में पूर्व में हम उल्लेख कर चुके हैं कि रानी को  लेने के लिए अलाउद्दीन ने यद्यपि हर प्रकार का छलबल अपनाया परंतु वह अपनी योजना में सफल नही हो सका। अंत में  उसे लज्जित होकर दिल्ली लौटना पड़ गया। अलाउद्दीन खिलजी को इस पराजय से उपजे अपमान भाव ने जीने नही दिया और वह पुन: चित्तौड़ पर आक्रमण करने की योजना बनाने लगा। वह शीघ्र ही अपने अपमान का प्रतिशोध लेना चाहता था।

अंत में उसके लिए वह क्षण आ ही गया कि जब चित्तौड़ विजय के लक्ष्य को दृष्टिगत करते हुए वह एक विशाल सेना के साथ दिल्ली से चित्तौड़ के लिए चल दिया। फरिश्ता के अनुसार दूसरी बार तातार सेना के चित्तौड़ में पहुंचते ही एक भयानक आतंक छा गया। कर्नल टॉड लिखते हैं कि चित्तौड़ में शूरवीर पहले युद्घ में ही बहुत बड़ी संख्या में समाप्त हो गये थे, इसलिए अब नई सेना का संगठन करना कठिन कार्य था। पर वीर सामंतों ने और सरदारों ने वीरता के साथ युद्घ की तैयारियां करनी आरंभ कर दीं।

राणा के पुत्र ने किया युद्घ का संचालन

इस बार के युद्घ में चित्तौड़ के राणा के ज्येष्ठ पुत्र अरिसिंह ने युद्घ क्षेत्र में जाकर सेना का संचालन करने का निर्णय लिया। अरिसिंह एक वीर और साहसी राजकुमार था, तो स्वराष्ट्र की रक्षार्थ विदेशी आक्रांता से भिडऩा अपने लिए सौभाग्य की बात मानता था। इसलिए उसने सुल्तान की सेना का सामना युद्घ क्षेत्र में किया।

कहा जाता है कि इस बार तीन दिन तक हिंदू वीर राजपूतों और विदेशी आक्रांता सेना के मध्य भयंकर युद्घ हुआ। कोई सा भी पक्ष पीछे हटने का नाम नही लेता था। राजपूतों के लिए युद्घ प्रतिष्ठा का प्रश्न था, उन्हें पराजय किसी भी मूल्य पर स्वीकार नही थी। यही स्थिति अलाउद्दीन की थी। वह यह भी जानता था कि यदि इस बार पराजय मिल गयी तो पुन: कभी चित्तौड़ पाने की इच्छा पूर्ण नही हो पाएगी, और अपमान का प्रतिशोध लेने का उसका सपना या संकल्प भी पूर्ण नही हो पाएगा। अत: तातार सेना भी युद्घ को येन केन प्रकारेण जीत लेना चाहती थी। उसके यहां भी पराजय के लिए इस बार कोई स्थान नही था।

राजकुमार ने प्राप्त की वीरगति

युद्घ के चौथे दिन एक दुर्भाग्य पूर्ण घटना घटित हुई। राजकुमार अरिसिंह युद्घ करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गया। यह हिंदू सेना  के लिए एक वज्रपात के समान हुई घटना  थी। जिससे सैन्यदल को आघात लगा। परंतु उसके उपरांत  भी हमारे कुशल रणनीतिकारों ने व्यवस्था को संभाला और अरिसिंह के अनुज अजय सिंह ने स्वयं को युद्घ के लिए प्रस्तुत कर दिया। कहते हैं कि अजय सिंह से राणा भीमसिंह का अनुराग अधिक था, इसलिए वह उसे युद्घभूमि में भेजने के पक्षधर नही थे। फलस्वरूप राणा ने अजय सिंह के लघु भ्राताओं को युद्घ के लिए भेजना उचित समझा। राणा ने समय को पहचाना नही, वह युद्घ संचालन में अक्षम और अनभिज्ञ राजकुमारों को भेजता रहा और राजकुमार अपना बलिदान देकर अपनी राष्ट्रभक्ति का परिजय देते रहे, पर विजयश्री नही मिली। कहते हैं कि राणा के कुल ग्यारह लडक़े युद्घ भूमि में शत्रु से युुद्घ  करते-करते बलिदान हो गये। अजय सिंह ही शेष रहा।  अंत में राणा भीमसिंह ने युद्घ में स्वयं जाने का निर्णय लिया।

अंत में राणा भीमसिंह ने किया युद्घ

राणा भीमसिंह के युद्घ में जाने का अभिप्राय था कि युद्घ आज आर-पार का होना था, आज या तो युद्घ का निर्णय विजय श्री के साथ चित्तौड़ के पक्ष में आना था, या शत्रु के पक्ष में जाना था। इसलिए पूरी तत्परता से और पूर्ण मनोयोग से राणा युद्घ के लिए निकले।

जब राणा युद्घ के लिए प्रस्थान कर रहे थे, तभी किले की वीरांगनाओं ने विशाल चिता जलाने के लिए सामग्री एकत्र कर ली। किले के मध्य में जौहर की होली सजने लगी। कर्नल टॉड ने लिखा है:-‘‘चित्तौड़ में राणा भीमसिंह एक ओर युद्घ में जाने की तैयारी कर रहे थे, तो दूसरी ओर महलों में जौहर व्रत पालन की व्यवस्था हो रही थी। रानियों और राजपूत बालाओं ने इस बात को समझ लिया था कि चित्तौड़ पर भयंकर संकट आ गया है, और चित्तौड़ की स्वतंत्रता के नष्ट होने के समय राजपूत रमणियों को अपने सतीत्व एवं स्वातंत्रय को सुरक्षित रखने के लिए जौहर व्रत का पालन करना है। चित्तौड़ की पुरानी प्रणाली के अनुसार शत्रु के आक्रमण करने पर जब राज्य की रक्षा का कोई उपाय न रह जाता था, तो सहस्रों की संख्या में राजपूत बालाएं जौहर व्रत का पालन करती हुई एक साथ आग की होली में बैठकर अपने प्राणों का उत्सर्ग करती थीं। उसी जौहर व्रत की तैयारी इस समय आरंभ हुई।

आ गयी रानी पद्मिनी की परीक्षा की घड़ी

आज रानी पद्मिनी के लिए भी परीक्षा की घड़ी आ गयी थी। वैसे उस शेरनी वीरांगना के लिए जौहरव्रत को परीक्षा की घड़ी कहना उसकी वीरता और दृढ़ इच्छा शक्ति का अपमान करना होगा, क्योंकि रानी इससे भी कठिन परीक्षा से पूर्व में निकल चुकी थी। जब वह अपने प्राणनाथ राणा भीमसिंह को अलाउद्दीन खिलजी के शिविर से सुरक्षित निकालकर लाने में सफल हुई थी। आज का जौहर रानी को अपने लिए कहीं अधिक सुरक्षित लग रहा था। इसलिए रानी ने आज अपने प्राणनाथ राणा भीमसिंह को देश रक्षा के लिए अंतिम विदाई दी और स्वयं सखियों के साथ जौहर का मंगल गान गाने लगी।

अदभुत शौर्य के क्षण थे वह

अदभुत शौर्य  और अनुपम वीरता के क्षण थे चित्तौड़ के लिए जब राणा युद्घ क्षेत्र में मरने के लिए किले से बाहर निकले और आज उनका लक्ष्य केवल या तो विजय श्री का वरण करना था या उसकी खोज में सीधे स्वर्गलोक में पहुंच जाना था। उससे भी बड़ी बात थी कि रानी आज अपनी सहेलियों के साथ मिलकर अपने ग्यारह पुत्रों की मृत्यु पर शोक में रूदन न करके पति को युद्घ के लिए प्रसन्नता से भेजकर स्वयं सखियों के साथ वैसे ही मंगलगान करती जा रही थीं, जैसे कुछ सहेलियां अपनी किसी सहेली को श्वसुरालय (ससुराल) भेजने के समय मंगलगान गाया करती हैं। है किसी देश की नारियों की इतनी वीरतापूर्ण कहानियां, जिनमें हर क्षण और हर कण से केवल वीर रस टपकता है और वही वीर रस किसी समाज या देश की युवा पीढ़ी के लिए अमृत रस बन जाता है, जो उसे सदियों तक के लिए जीवन प्रदान करता है।

कर्नल टॉड ने किया है रोमांचकारी वर्णन

कर्नल टॉड ने रानी और उसकी सखियों के द्वारा जौहर के लिए प्रस्थान करने के क्षणों को बड़े ही रोमांचकारी शब्दों में वर्णित किया है। वह लिखते हैं-‘‘राजप्रासाद के मध्य में पृथ्वी के नीचे भीषण अंधकार में एक लंबी सुरंग थी। दिन में भी उस सुरंग में भयानक अंधकार रहता था। इस सुरंग में बहुत सी लड़कियां पहुंचाकर चिता जलाई गयी। उसी समय चित्तौड़ की रानियां, राजपूत बालाएं और सुंदर युवतियां अगणित संख्या में प्राणोत्सर्ग करने के लिए तैयार हुईं। सुरंग के भीतर आग की लपटें तेज होने पर वे सभी बालाएं अपने बीच में पद्मिनी को लेकर सत्य सतीत्व और स्वाधीनता के महत्व के गीत (एक विदेशी जिन्हें सत्य, सतीत्व और स्वाधीनता के गीत कहता है, पर हमारे इतिहास में उन्हें हमारी कायरता के रूप में प्रदर्शित कर दिया है) गाती हुई सुरंग की ओर चलीं। सुरंग में प्रवेश करने के लिए नीचे उतरने लगीं। सीढिय़ों के भीतर जाने पर भयानक आवाज के साथ लोहे का बना हुआ सुरंग का मजबूत दरवाजा बंद हुआ और कुछ क्षणों के भीतर हजारों राजपूत बालाओं के शरीर सुरंग की प्रज्ज्वलित आग में जलकर ढेर हो गये।’’

‘‘स्वाधीनता की इतनी बड़ी साधना

किस देश ने की है ऐसी उपासना,

कोई इतिहास का एक पृष्ठ तो उठाये,

इतिहास की एक पंक्ति पढक़र सुनाये,

हर पंक्ति में मिलेंगे स्वर्ण के ढेर,

पढ़ेगी पीढ़ी तो युवा बनेंगे शेर।’’

राणा भीमसिंह को अपनी और चित्तौड़ की स्वाधीनता की अब कोई आशा नही रह गयी थी, इसलिए अंतिम प्रस्थान से पूर्व वीरता का इतना बड़ा रोमांचकारी तांडव रचा गया था। जब सुरंग का लौहद्वार बंद हो गया, तो राणा को अपनी चित्तौड़ की अस्मिता के प्रति निश्चय हो गया कि यदि उनके उत्सर्ग के पश्चात शत्रु सेना दुर्ग में प्रवेश भी कर गयी तो उसे यहां कोई नही मिलेगा और शत्रु से हमारे सम्मान की रक्षा हो जाएगी।

घटना को लें सही संदर्भ में

घटना को सही संदर्भ में लिया जाए तो पता चलता है कि निज धर्म, स्वतंत्रता और आत्म सम्मान की सुरक्षा उस समय हमारे देशवासियों के लिए पहली प्राथमिकता हो गयी थी, इसलिए प्रत्येक नर-नारी इनके लिए ही संघर्ष कर रहा था। यदि इनके लिए प्राणोत्सर्ग भी करना पड़े तो वह उससे पीछे नही हटता था। प्राणों से खेलना हमारा राष्ट्रधर्म बन गया था। इसके लिए देश की वीरांगनाओं ने आपात जौहर धर्म का अत्यंत हृदय स्पर्शी मार्ग अपनाया, जो विश्व इतिहास की एक अनूठी और रोमांचकारी परंपरा है। इस परंपरा में वीरता और देशभक्ति की पराकाष्ठा है।

यह कितना रोमांचकारी दृश्य है कि जिस राजा के ग्यारह पुत्र युद्घ की बलि चढ़ गये हों, हजारों की संख्या में आज वीर सैनानी बलिदान हो चुके हों, परिवार की महिलाएं ‘जौहर धर्म’ से आंखों के सामने अपनी जीवन लीला समाप्त कर रही हों, वह राजा आज भी शोक, पश्चाताप या शत्रु से संधि की बात नही कर रहा है, शत्रु को कुछ मनोवांछित वस्तुएं देकर विदा करने की बात नही कर रहा है, शत्रु के धर्म को अपनाने की बातें नही कर रहा है। वह बातें कर रहा है देशभक्ति की और देशभक्ति एवं स्वाधीनता की रक्षार्थ आज अंतिम युद्घ कर स्वर्गारोहण की। देशभक्ति और स्वाधीनता के प्रति समर्पण भाव भी पराकाष्ठा थी यह। विश्व इतिहास के ऐसे अनेकों उदाहरण हैं जब शासक थोड़ी सी विषमताओं में घिरा तो उसने शत्रु के सामने समर्पण कर दिया। पर यहां समर्पण नही था, यहां आत्मोत्सर्ग था, बलिदान था, देशभक्ति थी और वीरता थी।

राणा के जितने सामंत और सरदार बचे थे सबने युद्घ के लिए प्रस्थान किया, आज वह अपने जीवन का अंतिम युद्घ करने के लिए निकले थे-एक बलिदानी जत्थे के रूप में। उनके जीवन का ही नही अपितु अलाउद्दीन की सेना के साथ चित्तौड़ का ही यह अंतिम युद्घ सिद्घ होने वाला था, जिसके लिए स्वतंत्रता के ये दीवाने चल दिये थे सिर पर केसरिया साफा बांधकर।

रानी पद्मिनी अपनी हजारों सहेलियों के साथ अपना बलिदान दे चुकी थी। वह इतिहास का एक स्वर्णिम पृष्ठ बन चुकी थी, चित्तौड़ की मर्यादा के अनुसार उसने राष्ट्र सेवा की। उन सारी वीरांगनाओं को हमारा शत्-शत् नमन।

रानी पद्मिनी राणा लक्ष्मण सिंह और कान्हड़देव की रोमांचकारी देशभक्ति

रानी पद्मिनी राणा लक्ष्मण सिंह और कान्हड़देव की रोमांचकारी देशभक्ति
 
हम दिन चार रहें या न रहें, तेरा वैभव अमर रहे मां- और रानी पद्मिनी ने कर लिया जौहर


भारत के वैभव और गौरव से प्रभावित होकर फे्रंच तत्वज्ञ विक्टर कजिन ने कहा है-‘‘इसमें संदेह नही कि प्राचीन हिंदुओं को वास्तविक ईश्वर का पूर्ण ज्ञान था। उनके विचार,उनका तत्व ज्ञान इतना श्रेष्ठ उदात्त तथा सत्य है कि उनके मुकाबले में यूरोपीय तत्व ज्ञान दोपहर के सूर्य के सामने चमकने वाले जुगनू की भांति फीका है।’’
जो जातियां अपने अतीत को संवारकर रखने के अपने महान दायित्व का निर्वाह नही कर पाती हैं, वे मिट जाया करती हैं। इसलिए प्रत्येक भारतीय का (और जिनमें मुस्लिम भी सम्मिलित हैं, क्योंकि अधिकांश भारतीय मुसलमानों के पूर्वज वही हैं जो शेष हिंदू समाज के हैं) पुनीत कत्र्तव्य है कि वह अपने इस महान दायित्व के निर्वाह के प्रति गंभीर हो।
भारतवर्ष वह देश है जिसके विषय में मार्क ट्वेन ने बड़ा सुंदर लिखा है:-यह भारतवर्ष मानव जाति का उद्गम स्थल है, हमारी अभिव्यक्ति का जन्म स्थान, इतिहास की मां तथा युग पुरूषों पितामह है।’’
यहां प्रकरण इतिहास की इस पूज्यनीय, वंदनीया और प्रातस्मरणीय माता के एक युग पुरूष राणा भीमसिंह का चल रहा है, जो आज सारी संवेदनाओं और संवेगों को राष्ट्रभक्ति के उदात्त भाव के साथ समेकित कर युद्घभूमि के लिए प्रस्थान कर चुका है। उसके लिए अब अपना कोई नही है, जो कुछ भी है वह मातृभूमि है, राष्ट्र है,अपना धर्म है, और अपनी स्वतंत्रता के लिए बलिदान हो जाने की उदात्त और अनुकरणीय भावना है। आज वह उस भारत, भारतीयता और भारतीयों के लिए अपना सर्वस्व होम करने के लिए निकल पड़ा है, जिनके विषय में उक्त विदेशी विद्वानों ने उपरोक्त विचार प्रस्तुत किये हैं।
अलाउद्दीन राणा भीमसिंह की प्रतीक्षा ही कर रहा था। राणा जैसे ही युद्घभूमि में पहुंचा अलाउद्दीन और उसकी सेना राणा पर टूट पड़ी। चित्तौड़ के हिंदू वीरों ने पा्रण पण से युद्घ करना आरंभ कर दिया। कर्नल टॉड लिखते हैं:-भयानक रूप से दोनों सेनाओं में मारकाट हुई। राजपूत सेना की अपेक्षा बादशाह की सेना बहुत बड़ी थी। इसलिए भीषण युद्घ के पश्चात चित्तौड़ की सेना की पराजय हुई अगणित संख्या में उसके सैनिक और सरदार मारे गये और चित्तौड़ की शक्ति का पूर्ण रूप से क्षय हुआ। युद्घ के कारण युद्घ का स्थल शमशान बन गया। चारों ओर दूर-दूर तक मारे गये सैनिकों के शरीरों से जमीन अटी पड़ी थी और रक्त बह रहा था।’’
सचमुच स्वतंत्रता को रक्त से ही सींचना पड़ता है। जब वह जाती है तो उस समय भी ये रक्त पीती है और जब ये आती है तो भी रक्त मांगती है। इसकी इस शाश्वत मांग को समझ कर ही नेताजी सुभाषचंद बोस ने भारतीयों का आह्वान किया था-‘‘तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा।’’
आज (29-8-1303) इस स्वतंत्रता के लिए राणा भीमसिंह और उनकी वीर सेना अपना रक्त अर्पित कर रही थी, अगणित शीश चढ़ा रही थी, केवल इसलिए कि भविष्य में जब इसे लेने का अवसर आये तो हमारे नींव के बलिदानों का स्मरण हो सके, और हम उन क्षणों में स्वयं को धन्य समझ सकें। आज के बलिदान का परिणाम तो सबको ज्ञात था कि क्या होने वाला है? परंतु आज के बलिदानों को भविष्य की ‘सुप्रभात’ के लिए दिया जा रहा था, जिसे किसी ने नही देखा था। वीरता का सर्वोत्कृष्ट भाव था ये।
अलाउद्दीन की निर्णायक जीत हो गयी
इसके पश्चात अलाउद्दीन अपनी शेष सेना के साथ चित्तौड़ में प्रवेश करता है। उसे अब प्रसन्नता हो रही थी कि जिस रानी ने उस समय तेरे साथ छल करके अपने पति राणा भीमसिंह को तेरी जेल से मुक्त कराने का दुस्साहसपूर्ण प्रयास किया था,अब वह तेरी मलिका बनेगी। अपने सपनों में खोया अलाउद्दीन बड़ी तेजी से किले में प्रवेश करता है पर किले के भीतर पसरे सन्नाटे को देखकर वह स्वयं सन्न रह गया। पूछने पर उसे ज्ञात हुआ कि रानी ने अपनी हजारों सहेलियों के साथ जौहर कर लिया है, और अब यहां उनकी वीरता की एक अमिट कहानी की अमिट स्मृतियों के अतिरिक्त कुछ नही है। भारतीय वीरांगना ने एक फिरंगी को फिर धोखा दे दिया। अलाउद्दीन को रानी ने ठग लिया वह जीतकर भी हार गया था, क्योंकि चित्तौड़ पाकर वह इतना प्रसन्न नही होता जितना रानी पदमिनी को पाकर होता। रानी ने बलिदान तो दिया पर शत्रु की जय को पराजय में भी परिवर्तित कर गयीं। सचमुच वह विजय विजय नही होती, जिसे पाकर भी विजेता शोक और पीड़ा से कराहकर हाथ मसलता रह जाए। विजय के अनेक आयाम होते हैं, वह प्रसन्नता दायिनी भी होती है, विजित क्षेत्र की जनता विजेता को अपना राजा स्वेच्छा से माने इस अपेक्षा पर भी खरी उतरने वाली होती है और उसकी विजय के साथ-साथ उसकी सारी अपेक्षाएं अभिलााषाएं भी तृप्त हो गयीं हों।
राणा भीमसिंह ने अपने पुत्र अजय सिंह को जीवित और सुरक्षित बचाकर किले से निकाल दिया था जो चित्तौड़ पतन के पश्चात कैलवाड़ा नामक स्थान की ओर चला गया था, दूसरे रानी ने अलाउद्दीन की अपेक्षाओं और अभिलााषाओं पर पानी फेर दिया था, तीसरे चित्तौड़ की राणा भक्त प्रजा अपने राणा और रानी के बलिदान का मूल्य समझती थी, इसलिए वह अलाउद्दीन की जीत को केवल किले पर किया गया आधिपत्य ही मान रही थी, वह तो आज भी राणा परिवार के साथ थी।
अत: अलाउद्दीन खिलजी जीतकर भी हारे हुए सैनिक की भांति निराशा के साथ दिल्ली के लिए प्रस्थान करने लगा। उसने चित्तौड़ का शासन जालौर के सोनेगरे वंश के मालदेव नामक सरदार को सौंप दिया और स्वयं मन मारकर दिल्ली की ओर चल दिया। भारतीयों की पराजय में भी जीत के रहस्य को उसका निराश मन जितना ही समझने का प्रयास करता था, वह रहस्य उसके लिए उतना ही गहराता जाता था-तब वह कह उठता था-इन भारतीयों को समझना भी बड़ा कठिन है।
कितने इतिहासकारों ने अलाउद्दीन की इस मानसिकता को उकेरने का प्रयास किया है? और कितनों ने राणा और रानी के उस साहसिक प्रयास पर ‘लेखनी धर्म’ का निर्वाह किया है, जिसके कारण अलाउद्दीन को जीत में भी हार का अनुभव हुआ और उसे अपनी सेना के बलिदान तथा अपने सारे परिश्रम पर भी अफसोस हुआ। हमने जौहर को केवल आत्महत्या का एक उपाय समझा है। हम यह भूल गये कि जौहर किसी विजेता को पराजित करने का सशक्त माध्यम भी है और एक कारगर हथियार भी है।
कुछ लेखकों ने रानी पद्मिनी की कहानी को असत्य ठहराने के अतार्किक प्रयास किये हैं। परंतु मुहम्मद हबीब, आशीर्वादीलाल श्रीवास्तव, एस.सी. दत्त, एस. राय, दशरथ शर्मा आदि इतिहासकारों ने पद्मिनी की सत्यता पर विश्वास प्रकट किया है।
चित्तौड़ अभियान पर इतिहासकारों के मत
अलाउद्दीन खिलजी के चित्तौड़ अभियान पर मुहम्मद हबीब का कहना है कि अलाउद्दीन खिलजी के नेतृत्व में शाही सेनाएं राजस्थान में प्रवेश कर गंभीरी और वेहद नदियों के बीच पहुंचकर शिविर लगाकर और चित्तौड़ दुर्ग का घेरा डालकर युद्घ के लिए सन्नद्घ हो गयीं। सुल्तान ने अपनी सेना को दो भागों में विभक्त कर किले पर दोनों ओर से आक्रमण का आदेश दिया। इन सेनाओं द्वारा दो माह तक अनवरत आक्रमण के पश्चात भी मुसलमानों को विजय प्राप्त करने में कोई सफलता प्राप्त न हो सकी।
अमीर खुसरो के वर्णन को देखते हुए कुछ इतिहासकारों ने यह अनुमान भी लगाया है कि या तो दुर्ग के कुछ लोगों ने दुर्ग का द्वार खोल दिया अथवा उसमें उपस्थित समस्त सैनिकों ने वहां की तत्कालीन स्थिति पर विचार करते हुए एक साथ दुर्ग से निकल पड़े और वे मुसलमानों से संघर्ष करते हुए मारे गये। अमीर खुसरो ने इस युद्घ में हुई जनहानि का वर्णन करते हुए लिखा है कि सुल्तान के क्रोध के कारण तीस हजार हिंदुओं की हत्या कर दी गयी। इस स्थिति में सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि पूरा चित्तौड़ वीरों से खाली कर दिया गया होगा। हमें अपने इन बलिदानियों के बलिदान पर विचार करते हुए यह भी सोचना होगा कि इन तीस हजार (जिनके लिए खुसरो का कथन है कि उनमें अधिकांश सैनिक थे) ने तातार सेना का भी बड़ी संख्या में संहार किया होगा। वे सरलता से बलि का बकरा नही बने होंगे।
मुहम्मद हबीब का कथन है कि अलाउद्दीन खिलजी ने चित्तौड़ विजय के उपरांत उसका नाम अपने पुत्र खित्र खां के नाम खिज्राबाद कर दिया था और उसे अपने पुत्र खिज्रखां को सौंपकर ही दिल्ली लौटा था। अलाउद्दीन खिलजी ने अपने पुत्र को लालदत्त काली व हरी पताका भी प्रदान की थी। इस सारी प्रक्रिया को पूर्ण करके सुल्तान 4 सितंबर को दिल्ली लौट गया।
आगे के संघर्ष की नींव
राणा भीमसिंह (रतन सिंह) की चित्तौड़ के पतन के पश्चात प्रचलित इतिहास हमें कुछ ऐसा आभास दिलाता है कि जैसे सब कुछ शांत हो गया था, और अलाउद्दीन खिलजी निष्कंटक होकर शासन करने लगा था। परंतु जैसा कि हमने पूर्व में उल्लेख किया है कि अलाउद्दीन खिलजी के शासन पर चित्तौड़ की जनता ने अपनी सहमति या स्वीकृति नही दी थी, तो हमारी इस बात की पुष्टि फरिश्ता के कथन से भी होती है। उसने कहा है कि आसपास के हिंदुओं ने चित्तौड़ पर कई बार अधिकार करने का प्रयास किया था।
जनता अपने शासक के साथ थी, अर्थात राणा भीमसिंह के साथ। इसलिए वह बलात थोपे गये किसी भी शासक को अपना शासक मानने को तत्पर नही थी। इसी संघर्ष की गाथा ने देशभक्त जनता को गरम किये रखा और उसकी गरमी ने स्वतंत्रता की अलख जलाये रखी। स्वतंत्रता का यह संघर्ष आगे चलकर शीघ्र ही फलीभूत हुआ, जब चित्तौड़ को राणा भीमसिंह के पौत्र हमीर ने दिल्ली की सल्तनत से छीन लिया था। इसका वर्णन हम आगे करेंगे कि ये हमीर कौन था और इसके निर्माण में कौन सी परिस्थितियों का योगदान रहा था?
राणा लक्ष्मण सिंह का वीरतापूर्ण सहयोग
यह मानना पड़ेगा कि अलाउद्दीन खिलजी के समय तक हिंदू शक्तियां एक दूसरे का सहयोग करके विदेशी शक्तियों को देश की सीमाओं से बाहर खदेड़ देने की अपनी परंपरागत शैली से विमुख हो गयी थीं, परंतु कुछ लोग हर स्थिति परिस्थिति के अपवाद हुआ करते हैं। अलाउद्दीन खिलजी भारतवर्ष में अपना राज्य विस्तार करता जा रहा था। कोई भी शक्ति उससे लोहा लेने से पूर्ण दस बार सोचती थी। ऐसे समय में अलाउद्दीन खिलजी की क्रूरता का सामना करना हर किसी के वश की बात नही थी।
चित्तौड़ के राणा भीमसिंह जिस समय अलाउद्दीन खिलजी से युद्घ रत थे और खिलजी के चित्तौड़ दुर्ग का डेरा डाले हुए कई माह व्यतीत हो गये थे, तब राणा की सहायता करने कोई भी हिंदू नरेश नही आया था। किंतु कुंभलगढ़ शिलालेख से हमें ज्ञात होता है कि चित्तौड़ के गुहिल राजवंश (राणा परिवार) की छोटी शाखा से संबंधित सीसोदा गांव (इसी से शिशौदिया गोत्र प्रचलित हुआ है) का स्वामी राणा लक्ष्मण सिंह अपने परिवार वालों के साथ मातृभूमि की रक्षार्थ आ पहुंचा था। राणा लक्ष्मण सिंह ने चित्तौड़ को ऐसे समय में सहयोग किया जब उसके सहयोग की चित्तौड़ को अत्यंत आवश्यकता थी। राणा लक्ष्मण सिंह ने युद्घ में पर्याप्त शौर्य एवं साहस का परिचय दिया था, और स्वतंत्रता के अपहर्ताओं को बड़ी संख्या में परलोक पहुंचा दिया था।
जालौर का शक्तिशाली शासक कान्हड़देव
राजस्थान की वीरभूमि ने जिन बलिदानी वीर रत्नों को जन्म देकर मां भारती का गौरव बढ़ाया है उनमें जालौर के चौहान वंशी शासक को अपने समकालीन हिंदू शासकों का सक्रिय सहयोग नही मिला, अन्यथा वह इतिहास की दिशा को परिवर्तित करने की क्षमता और सामथ्र्य से संपन्न था। इस परिस्थिति पर विचार करते हुए डा. के.एस. लाल ने अपनी पुस्तक च्च्खलजी वंश का इतिहास च्च्में लिखा है:-‘‘पराधीनता से घृणा करने वाले राजपूतों के पास शौर्य था, किंतु एकता की भावना नही थी। कुछेक ने प्रबल प्रतिरोध किया, किंतु उनमें से कोई भी अकेला दिल्ली के सुल्तान के सम्मुख नगण्य था। यदि दो या तीन राजपूत राजा भी सुल्तान के विरूद्घ एक हो जाते तो वे उसे पराजित करने में सफल हो जाते।’’
भारतवर्ष के इतिहास के ऐसे अनेकों नररत्न हैं, जो उपेक्षा के पात्र बने पड़े हैं, और हम आज तक उन्हें उनका अपेक्षित स्थान इतिहास में दे नही पाये हैं, कान्हड़देव भी उन्हीं उपेक्षित नररत्नों में से एक है। इतिहास के मर्मज्ञ विद्वान डा. शक्ति कुमार शर्मा ‘शकुन्त’ ने इस नररत्न के विषय में लिखा है-‘‘चाहमान (चौहान) के वंशजों ने यायव्य कोण से आने वाले विदेशियों के आक्रमणों का न केवल तीव्र प्रतिरोध किया अपितु 300 वर्षों तक उनको (अपने देश में) जमने नही दिया। फिर चाहे वह मुहम्मद गजनवी हो गौरी हो, अलाउद्दीन खिलजी हो, चौहानों के प्रधान पुरूषों ने उन्हें चुनौती दी उनके अत्याचारों के रथ को रोके रखा, तथा अंत में आत्म बलिदान देकर भी देश और धर्म की रक्षा अंतिम क्षण तक करते रहे।’’
ऐसा था चौहान शासक कान्हड़ देव, जिसकी प्रशंसा में जितना लिखा जाए उतना अल्प ही कहा जाएगा। हमने पूर्व में उल्लेख किया है कि पृथ्वी राज चौहान की मृत्यु के पश्चात उसकी एक शाखा ने रणथम्भौर में जाकर शासन स्थापित किया तो उसी की एक शाखा पहले नाडौल गयी और फिर नाडौल से भी एक शाखा जालौर चली गयी। कीर्तिपाल नामक (पृथ्वीराज चौहान का वंशज) व्यक्ति ने वहां जाकर नये राजवंश की स्थापना की। जिसमें कई शासकों के होने के उपरांत कान्हड़देव वहां का शासक बना। कान्हड़देव में प्रारंभ से ही अपने पूर्वजों का स्वातंत्रय प्रेम स्पष्ट झलकता था। वह स्वाभिमानी था और किसी भी स्थिति परिस्थिति में अपने स्वाभिमान को क्षतिग्रस्त होते देखना नही चाहता था। इसके पिता राजा समंत सिंह थे।
जिस समय दिल्ली का सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी भारत में अपने अभिमान पूर्ण विजय अभियान को चला रहा था और उसका राज्य निरंतर विस्तार पाता जा रहा था, उस समय उसका सामना करना हर किसी के वश की बात नही थी। खिलजी ने गुजरात के अपने विजय अभियान के समय सोमनाथ के मंदिर में जीर्णोद्घार होने के उपरांत लौटी भव्यता को पुन: विनष्ट करने का मन बनाया। सोमनाथ सदियों से हमारी धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा था, उसके विनाश की बात कोई भी स्वाभिमानी हिन्दू वीर सोच भी नही सकता था। उसकी प्रतिष्ठा के लिए हजारों लाखों हिन्दुओं ने अपने बलिदान दिये थे, इसलिए उन बलिदानों को व्यर्थ करना लोग अपने लिए कृतघ्नता का कारण मानते थे।
अलाउद्दीन खिलजी के ‘गुजरात अभियान’ के वास्तविक लक्ष्य (अर्थात सोमनाथ का पुन: विध्वंस) की जब सही सूचना कान्हड़देव को मिली तो कान्हड़देव की भुजाएं फडक़ने लगीं। अलाउद्दीन खिलजी ने कान्हड़देव से अपने राज्य से निकलने का रास्ता देने का अनुरोध किया और इस उपकार के बदले उसे खिलअत से सुशोभित करने का वचन भी दिया। परंतु कान्हड़देव ने अलाउद्दीन खिलजी को उसके पत्र का उत्तर इस प्रकार दिया-
‘‘तुम्हारी सेना अपने प्रयाण मार्ग में आग लगा देती है, उसके साथ विष देने वाले व्यक्ति होते हैं, वह महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करती है, ब्राह्मणों का दमन करती है, और गायों का वध करती है यह सब कुछ हमारे धर्म के अनुकूल नही है, अत: हम तुम्हें रास्ता नही दे सकते।’’
अलाउद्दीन खिलजी को कान्हड़देव से ऐसे उत्तर की अपेक्षा नही थी, इसलिए उसने क्रोधित होकर अपने सेनापति उलुग खां को आज्ञा दी कि गुजरात से लौटते समय कान्हड़देव की ‘देशभक्ति का उपचार’ किया जाए। जब उलुगखां गुजरात से लौट रहा था तो उसने कान्हड़देव के राज्य के सकराणा नामक दुर्ग पर हमला बोल दिया। हमारे वीरों ने अपने नायक जैता के नेतृत्व में उलुग खां के आक्रमण का सफलता पूर्वक प्रतिराध किया और उन्होंने एक ही हमले में उलुग खां की सेना को भागने के लिए विवश कर दिया। उलुग खां हाथ मलता रह गया। उसने जैता वीर से ऐसे प्रतिरोध की अपेक्षा नही की थी। जैता ने उलुग खां से सोमनाथ मंदिर से लायी गयी पांच मूत्र्तियों को भी छीन लिया। इतना ही नही इस युद्घ में जैता वीर ने सुल्तान के एक भतीजे मलिक एजुद्दीन तथा नुसरत खां के एक भाई को भी जहन्नुम की आग में फेंक दिया।
अलाउद्दीन ने शेर को छल से जाल में फंसा लिया
भारत के इस शेर कान्हड़देव को 1308 ई. में सुल्तान अलाउद्दीन ने अपने एक विश्वसनीय व्यक्ति के माध्यम से अपने दरबार में बुलावा भेजा। दुर्भाग्यवश कान्हड़देव जाल में फंस गया और सुल्तान के दरबार में पहुंच गया। वहां अलाउद्दीन ने हिंदू समाज के पौरूष और वीरता पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कह दिया कि मेरे सामने कोई भी हिंदू युद्घ क्षेत्र में रूक नही पाता।
स्वाभिमानी कान्हड़देव का च्च्हिंदूज्ज् जाग गया और वह तुरंत सिंह गर्जना कर उठा कि आपकी चुनौती मुझे स्वीकार है। अलाउद्दीन यही चाहता था। कान्हड़देव ये भूल गया था कि वह किसी षडयंत्र का शिकार हो चुका है, और वर्तमान क्षणों में वह कहां बैठा हुआ है? हिंदुओं के लिए अपमानजनक शब्दों पर तीखे बाण छोडक़र और सुल्तान को बुरा भला कहकर कान्हड़देव सुल्तान के दरबार से निकल गया और जालौर पहुंच गया।
१311 ई. में अलाउद्दीन ने कान्हड़देव को दण्डित करने के लिए सेना भेजी। कान्हड़देव जानता था कि दिल्ली दरबार में हुई घटना की प्रतिक्रिया क्या होगी? इसलिए वह भी अपनी तैयारी से था। इस हिंदू वीर ने सुल्तान की सेना को कई स्थानों पर पराजित किया। गुजराती महाकाव्य ‘कान्हड़ दे प्रबंध’ के अनुसार संघर्ष कुछ वर्षों तक चला और शाही सेनाओं को अनेक बार मुंह की खानी पड़ी। तब सुल्तान ने कमालुद्दीन गुर्ग के नेतृत्व में शक्तिशाली तुर्क सेना भेजी। इस सेना का सामना सिवाणा के सामंत शीतल देव ने किया। दोनों के मध्य जैसा संघर्ष हुआ वैसे युद्घ की कल्पना भी तुर्कों ने नही की होगी। फलस्वरूप हिंदू वीर योद्घा सीतलदेव ने शक्तिशाली तुर्क सेना को भागने के लिए विवश कर दिया। एक सामंत होकर सुल्तान की शक्तिशाली सेना को भगाने का काम एक हिंदू वीर ही कर सकता था जो उसने कर दिखाया। तब सुल्तान अलाउद्दीन स्वयं सेना लेकर जालौर गया। सुल्तान ने जालौर जाकर छल का सहारा लिया और एक भापला नामक ‘जयचंद’ को भारी धनराशि देकर अपनी ओर मिला लिया। जिसने अपने स्वामी के साथ छल करते हुए किले का द्वार खोल दिया। सुल्तानी सेना दुर्ग में प्रवेश कर गयी। हमारी महिलाएं जौहर करने की तैयारी करने लगीं, राजपूत ‘शेरों’ ने जमकर संघर्ष करना आरंभ कर दिया। उन्होंने जीते जी ‘समर्पण’ करना अपमान समझा, इसलिए बड़ा भयंकर संघर्ष हुआ। मुट्ठी भर हिंदू सैनिक युद्घ करते हुए कुछ ही समय में समाप्त हो गये। कान्हड़देव ने 18 वर्ष तक अलाउद्दीन को नाकों चने चबाए थे, उसे बता दिया था कि हिंदू कैसे सामना करते हैं, और यदि दुष्ट भापला बीच में न आता तो परिणाम कुछ और ही होता। इसके पश्चात कान्हड़देव कहां गया, या उसके साथ क्या किया गया, इस पर तो कोई प्रामणिक जानकारी नही है, परंतु कान्हड़देव हमारे स्वतंत्रता संघर्ष का एक अमर पात्र अवश्य है। पराजित हो जाने से वह आभाहीन नही हो जाता है अपितु उसका गौरव इसमें है कि उसने हिन्दू स्वाभिमान के लिए 18 वर्ष तक संघर्ष किया, उसी के लिए जिया और मरा। निश्चित ही वह एक वंदनीय पात्र है।